प्रेमचंद
Silent Book में पढ़ें EPUB डाउनलोड करें (0.1 MB)
बारिश, अलाव या समुद्र की आवाज़ के साथ पढ़ें →
पश्चाताप के कड़वे फल कभी-न-कभी सभी को चखने पड़ते है, लेकिन और लोग बुराइयों पर पछताते है, दारोगा कृष्णचन्द्र अपनी भलाइयों पर पछता रहे थे। उन्हें थानेदारी करते हुए पचीस वर्ष हो गए; लेकिन उन्होंने अपनी नीयत को कभी बिगड़ने न दिया था। यौवनकाल में भी, जब चित्त भोग-विलास के लिए व्याकुल रहता है उन्होंने नि.स्पृहभाव से अपना कर्तव्य-पालन किया था। लेकिन इतने दिनों के बाद आज वह अपनी सरलता और विवेक पर हाथ मल रहे थे। उनकी पत्नी गंगाजली सती-साध्वी स्त्री थी। उसने सदैव अपने पति को कुमार्ग से बचाया था। पर इस समय वह भी चिन्ता में डूबी हुई थी। उसे स्वयं सन्देह हो रहा था कि वह जीवन भर की सच्चरित्रता बिलकुल व्यर्थ तो नही हो गई?
पाठ विकिस्रोत के योगदानकर्ताओं के सौजन्य से, CC BY-SA 4.0 लाइसेंस के तहत लिया गया है। Silent Book ने इन पृष्ठों से यह EPUB तैयार किया। स्रोत पृष्ठ · लाइसेंस